
*संस्कारों से सजा जन्मदिन: राज स्कूल के बच्चों ने मंदिर में काटा केक*
राज इंटरनेशनल स्कूल ने एक बार फिर अपनी संस्कारयुक्त शिक्षा की मिसाल पेश की है। स्कूल के इस माह में जन्मे बच्चों का जन्मदिन आज बड़े तालाब स्थित प्राचीन श्री हनुमान मंदिर में मनाया गया। बच्चों ने महंत जी के सान्निध्य में बजरंगबली के चरणों में केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। केक काटने से पहले बच्चों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और भजन गाए। इसके बाद सभी ने भगवान का आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर महंत जी ने कहा कि यह पहल बच्चों में धार्मिक आस्था और अच्छे संस्कारों को बढ़ावा देगी। जीवन के खास पलों की शुरुआत भगवान के आशीर्वाद से करना सबसे उत्तम है। विद्यालय के निदेशक श्री नवीन सैनी ने बताया कि स्कूल का उद्देश्य बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ना है। मंदिर में बच्चों के अनुशासन और श्रद्धा को देखकर वहां उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी इस पहल की सराहना की। अंत में सभी ने भगवान श्री हनुमान जी से बच्चों के स्वस्थ, सुखी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर शिक्षक दीपाक्षी, गीता , हितेश, कुणाल सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
Rewari, Rewari | Oct 1, 2026