
मां दुर्गा के पट खुलते ही उमड़ा आस्था का जनसैलाब!
मां के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़; जय माता दी के जयघोष से भक्तिमय हुआ पूरा इलाका!
पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के सेनुवरिया में दुर्गा पूजा का उत्साह अपने चरम पर पहुंच गया है। सर्वोदय मां दुर्गा पूजा समिति की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा समारोह में जैसे ही जयघोष के बीच मां दुर्गा की डोली पहुंची और माता के दर्शन के लिए पूजा पंडाल के विधिवत पूजा के बाद माता का पट दर्शन के लिए खोले दिए गए, वैसे ही पूरा परिसर भक्तों की भीड़ से पट गया। पट खुलते ही श्रद्धालुओं का ऐसा सैलाब उमड़ा कि चहुंओर ‘जय माता दी’ और ‘जय मां शेरावाली’ के गगनभेदी जयकारे गूंजने लगे। वातावरण भक्तिमय हो उठा और मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।पूजा पंडाल में दुर्गा चालीसा के श्लोकों की गूंज और दुर्गा सप्तशती के पाठ से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक रंग में रंग गया। सुबह-शाम धार्मिक प्रवचन और संध्या बेला में सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।पूजा समिति के अध्यक्ष रिंकू श्रीवास्तव ने बताया कि सेनुवरिया में पिछले 30 वर्षों से लगातार मां दुर्गा की पूजा-अर्चना होती आ रही है। यह आयोजन समस्त ग्रामवासियों के सहयोग और सामूहिक आस्था का प्रतीक बन चुका है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार में मत्था टेकने पहुंचते हैं।वहीं, सेनुवरिया पंचायत की मुखिया ज्योति श्रीवास्तव ने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश भी है। उन्होंने लोगों से अपने भीतर की बुराइयों को समाप्त कर सत्य, सदाचार और मानवता के मार्ग पर चलने की अपील की।सेनुवरिया में मां की भक्ति का रंग ऐसा चढ़ा है कि हर गली में आस्था, हर जुबान पर जयकारा और हर दिल में मां दुर्गा के प्रति अटूट विश्वास नजर आ रहा है। मौके पर पंडित श्रीकांत उपाध्याय, शंभू तिवारी ,पवन दुबे ,जितेंद्र तिवारी ,बेलास चौधरी ,मंतोष साह, रिपु सूधन पांडे, निर्भय यादव, ललन महतो ,गुड्डू कुमार, अजय यादव, राजा सहनी सहित भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल थे।