दिल्ली में भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) के झारखंड पवेलियन में जानकारी दी गई कि यह देश का पहला राज्य है जहां खान पर्यटन शुरू किया गया है। झारखंड की पहचान खनिजों से है। लौह अयस्क, कोयला, अभ्रक, तांबा, यूरेनियम, बॉक्साइट, चूना पत्थर, ग्रेनाइट और विभिन्न प्रकार के पत्थरों का प्रदर्शन किया गया। खनन क्षेत्र की औद्योगिक संभावना को भी दिखाया गया।
खान एवं भू-विज्ञान विभाग द्वारा राज्य की प्राकृतिक संपदा, खनन क्षेत्र की संभावनाओं और देश की औद्योगिक प्रगति में झारखंड के योगदान को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है। पर्यटकों को कोयला खदानों के भ्रमण की जानकारी दी गई।
बताया गया कि खनन प्रक्रिया, आधुनिक मशीनों के संचालन और देश की अर्थव्यवस्था में खनन क्षेत्र के योगदान को करीब से देखने एवं समझने का रोमांचक अनुभव प्रदान किया जा रहा है। खनिज संपदा में बाक्साइट का विशेष महत्व है, जो एल्युमिनियम उत्पादन का प्रमुख कच्चा माल है।
Namkum, Ranchi | Nov 21, 2026