
ऑपरेशन मुस्कान के तहत खोया मोबाइल बरामद, धारक को सौंपा
बलिया (बेगूसराय)। बलिया थाना पुलिस ने शुक्रवार को ऑपरेशन मुस्कान के तहत एक खोया हुआ मोबाइल बरामद कर उसके वास्तविक धारक को सौंप दिया।
थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के मथुरापुर गांव निवासी एक युवक द्वारा मोबाइल खोने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी जांच के आधार पर मोबाइल बरामद कर लिया।
बरामद मोबाइल मथुरापुर निवासी जेटश्वर यादव के पुत्र रंजन कुमार को विधिवत सुपुर्द किया गया। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर रंजन कुमार ने बलिया पुलिस का आभार जताते हुए पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र में खोए हुए मोबाइल से संबंधित शिकायतें लगातार प्राप्त होती रहती हैं। पुलिस ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी सहायता से मोबाइल बरामद कर वास्तविक मालिक को वापस दिलाने का हरसंभव प्रयास करती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल खोने की स्थिति में तत्काल थाना में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
#highlights