*बस्ती में रिश्तों का खूनी अंत: प्रेमी के प्यार में अंधी बेटी ने पिता को उतारा मौत के घाट, दुबौलिया पुलिस ने 24 घंटे में किया सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश*
*जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 23 अगस्त 2026*
बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां एक कलयुगी बेटी ने अपने आशिक के साथ मिलकर अपने ही जन्मदाता पिता को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। इस जघन्य हत्याकांड का पुलिस अधीक्षक *डॉ यशवीर सिंह* के निर्देशन में दुबौलिया पुलिस ने महज 24 घंटे में सनसनीखेज खुलासा कर दिया।
पुलिस ने हत्यारोपी बेटी और उसके प्रेमी को धर दबोचा है। दोनों की निशानदेही पर नहर से खून से सनी हंसिया, गमछा और 700 रुपये बरामद हुए हैं। मृतक के भाई काशी प्रसाद की तहरीर पर थाना दुबौलिया में मुकदमा अपराध संख्या 158/2026 धारा 103(1), 238, 3(5) BNS के तहत केस दर्ज किया गया था।
अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त और सीओ कलवारी बृजेश सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी की टीम ने *लक्ष्मण पुत्र राजू निवासी बभरौली* और उसकी प्रेमिका *दुर्गा पुत्री स्व कृष्णा प्रसाद निवासी रमवापुर तिवारी थाना छावनी* को जैतापुर मोड़ रामजानकी मार्ग से दबोचा। दोनों नासिक भागने की तैयारी में थे।
*प्रेमी जोड़े का खौफनाक कबूलनामा -*
पकड़े गए लक्ष्मण ने पुलिस को बताया - 21 अगस्त को दोपहर हम दोनों बभरौली में नहर के पास खेत में मिल रहे थे। तभी दुर्गा के पिता कृष्णा प्रसाद अचानक आ गए। हमें एक साथ देखकर वे आग बबूला हो गए और मारने लगे। इसी दौरान गुस्से में हमने उन्हें जमीन पर पटक दिया। लक्ष्मण उसके सीने पर चढ़ गया। दोनों ने मिलकर हंसिया से गले और सीने पर ताबड़तोड़ वार किया, मूठ से सिर पर मारा और फिर उसी के गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। मौत की तसल्ली होने के बाद लाश को नहर में फेंक दिया और हंसिया वहीं छिपा दी।
पुलिस का कहना है कि यह पूरी वारदात अवैध प्रेम संबंध के विरोध के चलते हुई। बाप के प्यार से ज्यादा बेटी को प्रेमी का प्यार प्यारा लगा और उसने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी। फिलहाल दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी, अरुण कुमार पांडेय, अजय कुमार पांडेय, हेड कांस्टेबल सचिन मिश्रा, संदीप सिंह, महिला कांस्टेबल निकिता और खुशबू सिंह शामिल रहीं।
*संवाददाता हरी ओम प्रकाश,
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Aug 23, 2026