
दो कारों में आमने-सामने से ह भिड़ंत, महिला सहित पांच लोग घायल
दीपक सैनी लाॅयन न्यूज़
चूरू के गांव ढाढरिया चारणान बस स्टैंड के पास बुधवार को स्विफ्ट और ऑल्टो कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें एक महिला सहित कुल पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। शाम को मिली जानकारी के मुताबिक हादसे के दौरान ऑल्टो कार चूरू से सरदारशहर की ओर जा रही थी, जबकि स्विफ्ट कार सरदारशहर से चूरू की तरफ आ रही थी। इसी दौरान ढाढरिया चारणान स्टैंड के पास दोनों गाड़ियों की आपस में टक्कर हो गई।हादसे में दोनों वाहनों में सवार चार पुरुष और एक महिला घायल हुए हैं। घायलों में चूरू के 55 वर्षीय सुरेश कुमार पुत्र सीताराम, उनके 33 वर्षीय पुत्र नवीन कुमार और लक्ष्मणगढ़ तहसील के रहने वाले 60 वर्षीय रामनिवास जाट को खूनसीसर निवासी सुभाष चंद्र शर्मा ने अपनी गाड़ी से राजकीय भरतिया अस्पताल के आपातकालीन वार्ड पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। इसके अलावा दो अन्य घायलों को इलाज के लिए जीवन रेखा अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। #accident
Churu, Churu | Nov 11, 2026