
रामनगर के खताड़ी में 22 भैंसों को बांधकर रखने का मामला, 11 लोगों के नाम आए सामने; मुकदमा दर्ज
रिपोर्टर अरबाज़ खान
स्थान रामनगर उत्तराखंड
रामनगर (नैनीताल)। रामनगर के खताड़ी क्षेत्र स्थित कुरैशी चौक में 22 भैंसों को कथित रूप से अमानवीय परिस्थितियों में बांधकर रखने का मामला सामने आया है। नगरपालिका परिषद रामनगर की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने पशु क्रूरता के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिकी में कुल 11 लोगों के नाम सामने आए हैं।
प्राप्त प्राथमिकी के अनुसार, 5 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे सूचना मिलने पर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल, कर एवं राजस्व निरीक्षक फिरोज अली जाफरी तथा पर्यावरण पर्यवेक्षक विशाल अपनी टीम के साथ खताड़ी स्थित कुरैशी चौक पहुंचे। मौके पर 22 भैंसें मिलीं, जिनमें सात छोटे बच्चे और 15 बड़ी भैंसें बताई गई हैं। इसके अलावा पांच खाली पिकअप वाहन भी मौके पर खड़े मिले।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पशुओं को रस्सियों से एकत्रित कर बांधा गया था। उनके खाने-पीने की उचित व्यवस्था नहीं थी और पशुओं की देखरेख भी नहीं की जा रही थी। नगरपालिका की टीम ने पशुओं की स्थिति को दयनीय बताते हुए इसे पशु क्रूरता का मामला बताया।
प्राथमिकी में इन लोगों के नाम
पुलिस को दी गई तहरीर में हसीन पुत्र बुन्द, फैजान पुत्र लईक, अदनान पुत्र फईम, मोहम्मद अहमद पुत्र मोहम्मद इरशाद, जिशान पुत्र सगीर, इमरान पुत्र गालिब, आसिफ पुत्र मोहम्मद हनीफ, मुकीम (नाबालिग), मोनिस कुरैशी पुत्र वाहिद कुरैशी, इरफान पुत्र इस्लाम कबाड़ी तथा सोनू के नाम शामिल हैं।
तहरीर में पशुओं के खरीद-फरोख्त और उन्हें पिकअप वाहनों में भरकर बाहर भेजे जाने की आशंका भी जताई गई है। 6 नवंबर को व्हाट्सएप के माध्यम से प्राप्त वीडियो के संबंध में भी जानकारी जुटाते हुए संबंधित व्यक्तियों का उल्लेख किया गया है।
नगरपालिका अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल ने पुलिस से मामले में सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक गणेश दत्त जोशी को सौंप दी है।
मामले में नामजद व्यक्तियों के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
#रामनगर_न्यूज़ #पशु_क्रूरत