
#गुना - राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री करेंगे " खेलो इंडिया संवाद", गुना में भी आयोजित होगा कार्यक्रम।
राष्ट्रीय खेल दिवस (29 अगस्त) के पूर्व संध्या पर, गुना जिले में 27 अगस्त 2026 (गुरुवार) को भव्य " खेलो इंडिया संवाद" कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रव्यापी पहल के तहत देश के युवाओं और खेल प्रेमियों को एक साथ जोड़ते हुए, कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का संबोधन होगा। प्रधानमंत्री जी 1,500 से अधिक स्थानों पर जुड़े देश भर के युवाओं, खिलाड़ियों और छात्रों को ऑनलाइन माध्यम से संबोधित करेंगे। इस दौरान उनके स्वतंत्रता दिवस संदेश के प्रमुख अंशों का प्रसारण भी किया जाएगा, जिसमें देश की युवा शक्ति और खेल पारिस्थितिकी तंत्र में आए क्रांतिकारी परिवर्तनों को रेखांकित किया गया है।
इसी क्रम में, गुना जिले के दो प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों—क्राइस्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल और शासकीय कस्तूरबा कन्या महाविद्यालय—में जिला स्तरीय युवा खेल संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री जी के वर्चुअल संबोधन के तुरंत बाद दोनों केंद्रों पर भौतिक परिचर्चा एवं संवाद आयोजित होगा। 'माय भारत' स्वयंसेवकों की अगवानी के साथ शुरू होने वाले इस आयोजन में जन प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खेल प्रेमी और छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर के युवाओं के विचारों, अनुभवों और सुझावों को देश के नीति निर्माताओं तक सीधे पहुंचाना है। परिचर्चा में प्रतिभागी मुख्यतः चार प्रमुख विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे—ग्रासरूट पर खेल सुविधाओं और कोचिंग को मजबूत करना, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं का वैज्ञानिक चयन, शासन में युवाओं की भागीदारी और विकसित भारत के लिए युवा सशक्तिकरण। इसके साथ ही, युवाओं को 'माय भारत' पोर्टल पर पंजीकरण कराने और 'विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग' (VBYLD) क्विज़ में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
#Guna Narendra Modi CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner SP Guna MP