
माय भारत के अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम का बेतिया में शुभारंभ, युवाओं ने सीखे स्वास्थ्य सेवा एवं नेतृत्व के गुर
बेतिया, 19 जून 2026। माय भारत (MY Bharat) पोर्टल के तहत पश्चिम चंपारण जिले में अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम (Experiential Learning Program-ELP) का शुभारंभ शुक्रवार को जनऔषधि केंद्र, बेतिया में किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला युवा अधिकारी श्री शशांक मित्तल के निर्देशन एवं नेतृत्व में हुआ।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी श्री मित्तल ने युवाओं को माय भारत पोर्टल के उद्देश्यों, उपलब्ध अवसरों तथा स्वयंसेवा गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि माय भारत पोर्टल का शुभारंभ 31 अक्टूबर 2023 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। इसके माध्यम से युवाओं को सरकारी संस्थानों, स्थानीय निकायों एवं सामाजिक संगठनों के साथ कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को युवा मंडल विकास कार्यक्रम की जानकारी देते हुए समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं जनऔषधि केंद्र के संचालक श्री मयंक राय ने प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना की कार्यप्रणाली एवं जनहितकारी लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह योजना आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सस्ती दवाइयाँ उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने कम्युनिकेशन एवं लीडरशिप, दवा भंडारण और स्टॉक प्रबंधन, रिकॉर्ड कीपिंग तथा सामुदायिक जागरूकता अभियान जैसे महत्वपूर्ण विषयों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया। युवाओं ने जनऔषधि सुगम ऐप एवं जेनेरिक दवाओं के प्रचार-प्रसार का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में माय भारत स्वयंसेवक रामबाबू कुमार एवं रंजीत कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला युवा अधिकारी ने बताया कि भविष्य में कला, संगीत, पर्यावरण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी ELP आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने युवाओं से माय भारत पोर्टल पर निःशुल्क पंजीकरण कर इन कार्यक्रमों से जुड़ने और अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।