
नशा मुक्त भारत अभियान अंतर्गत एन्टी नारकोटिक्स सेल की बड़ी कार्रवाई: 147 ग्राम गांजे के साथ शातिर नशा तस्कर को दबोचा।
Aonenews अरविन्द बक्शी
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के कुशल निर्देशन में नशीले पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाया जा रहा है विशेष अभियान।
पकड़ा गया आरोपी है आदतन अपराधी, पहले भी दर्ज हैं एन.डी.पी.एस. एक्ट के 3 मामले, वर्ष 2017 से नशा तस्करी में सक्रिय।
पुलिस अधीक्षक पलवल नीतीश अग्रवाल के कुशल निर्देशन में नशीले पदार्थों की तस्करी और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स सेल स्टाफ दिघोट की टीम को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए होडल क्षेत्र से एक शातिर नशा तस्कर को अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान साजिद पुत्र रुस्तम निवासी: पचानका, हाल निवासी धीरकी रोड, हथीन, जिला पलवल के रूप में हुई है।
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी निरीक्षक विश्व गौरव ने बताया कि दिनांक 20 जून 2026 को ए.एन.सी. स्टाफ के उप-निरीक्षक हनीष खान अपनी टीम के साथ हसनपुर चौक पर गश्त और चेकिंग के लिए मौजूद थे। इसी दौरान एक विशेष गुप्तचर ने सूचना दी कि साजिद नाम का व्यक्ति गांजा बेचने का काम करता है और आज भी गांजा बेचने के लिए किसी वाहन के इंतजार में बावरी मोड़ होडल पर खड़ा है।
सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम तुरंत बावरी मोड़ पहुंची। वहां पुलिस की सरकारी गाड़ी को देखकर एक नौजवान लड़का होडल शहर की तरफ तेज कदमों से भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए शक के आधार पर उसे काबू किया, जिसने पूछताछ में अपना नाम साजिद बतलाया।
नियमानुसार मौके पर राजपत्रित अधिकारी नीरज कुमार (ETO, पलवल) को बुलाया गया। उनकी उपस्थिति में जब आरोपी की तलाशी ली गई, तो उसकी जींस पैन्ट की बाईं जेब से एक काले रंग की पॉलीथीन बरामद हुई, जिसमें 147 ग्राम अवैध नशीला पदार्थ गांजा पत्ती मिली। आरोपी के खिलाफ थाना होडल में मामला दर्ज किया गया।
अपराधिक रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी साजिद एक शातिर और आदतन नशा तस्कर है, जिसके खिलाफ पहले भी पलवल जिले के विभिन्न थानों में एन.डी.पी.एस. एक्ट के 3 गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी नशा तस्करी में वर्ष 2017 से सक्रिय है।
आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है। नशा तस्करी से जुड़े किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।