
-घर बीमारी पनपने का खतरा, सरकार तुरंत समाधान करे, अन्यथा प्रदेश स्तर पर आंदोलन को मजबूर होगा व्यापारी वर्ग : डॉ. पवन बुवानीवाला
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से बाजारों में सड़कों तक फैला कचरा, व्यापारी वर्ग में रोष
भिवानी, 21 अगस्त। प्रदेश में चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहरों के बाजारों एवं मुख्य सड़कों पर जगह-जगह जमा कूड़े के ढेरों को लेकर व्यापारी वर्ग में भारी रोष है। इसी गंभीर समस्या को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता, हरियाणा व्यापार मंडल के प्रदेश महासचिव एवं चैम्बर ऑफ कॉमर्स भिवानी के प्रधान डॉ. पवन बुवानीवाला ने विजय नगर, भिवानी स्थित अपने निवास स्थान पर व्यापारी वर्ग की एक बैठक आयोजित की। बैठक में व्यापारियों ने सरकार से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का तुरंत समाधान करवाने तथा बाजारों में जमा कचरे को तत्काल उठवाने की मांग की।
बैठक में व्यापारियों ने कहा कि सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाने के कारण बाजारों में कचरा सड़कों तक फैल गया है। जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों से दुर्गंध फैल रही है तथा गंदगी के कारण आम नागरिकों और दुकानदारों का जीना मुश्किल हो गया है। व्यापारियों ने चिंता जताई कि यदि जल्द सफाई व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो घर-घर बीमारी पनपने का खतरा बढ़ जाएगा। गंदगी, मच्छरों और दूषित वातावरण के कारण बुखार, वायरल सहित विभिन्न बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
व्यापारियों ने कहा कि बाजारों में आने वाले ग्राहकों पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। दुकानों के आसपास और सड़कों पर फैला कचरा न केवल व्यापारिक गतिविधियों को प्रभावित कर रहा है, बल्कि शहर की छवि भी खराब कर रहा है। मानसून के मौसम में कचरे के ढेरों में पानी जमा होने से मच्छरों की समस्या और अधिक बढ़ रही है।
डॉ. पवन बुवानीवाला ने कहा कि सफाई व्यवस्था किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि पूरे समाज और जनस्वास्थ्य से जुड़ी हुई समस्या है। सरकार को सफाई कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए उनके प्रतिनिधियों के साथ तत्काल बातचीत करनी चाहिए और हड़ताल को समाप्त करवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक हड़ताल समाप्त नहीं होती, तब तक सरकार एवं प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से बाजारों, मुख्य सड़कों और रिहायशी क्षेत्रों में जमा कचरे को तुरंत उठवाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग सरकार को लगातार सहयोग देता आया है, लेकिन व्यापारियों और आम जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। यदि सरकार ने समय रहते इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं किया तो व्यापारी वर्ग को मजबूर होकर प्रदेश स्तर पर रणनीति बनाकर आंदोलन एवं सड़क पर उतरने का फैसला लेना पड़ेगा।
बैठक में मौजूद व्यापारियों ने एक स्वर में कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों के साथ बातचीत कर उनकी जायज मांगों का समाधान करे और प्रदेश में सफाई व्यवस्था को तुरंत बहाल करवाए। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो प्रदेशभर के व्यापारी संगठित होकर अपने स्तर पर आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेंगे।
डॉ. पवन बुवानीवाला ने कहा कि सरकार को इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए बिना किसी देरी के समाधान की दिशा में कदम उठाना चाहिए, ताकि बाजारों में स्वच्छ वातावरण बहाल हो और व्यापारी एवं आम नागरिक बीमारी के खतरे से सुरक्षित रह सकें। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता, हरियाणा व्यापार मंडल के प्रदेश महासचिव एवं चैम्बर ऑफ कॉमर्स भिवानी के प्रधान डॉ. पवन बुवानीवाला, व्यापारी गण राजेश अग्रवाल,अजय बंसल राजेश सिवानी वाला,बजरंग भरतीया, विकास अग्रवाल, प्रदीप रामपुरिया,सतीश वैद,अंकुर,संजय अग्रवाल सहित अनेकों व्यापारी उपस्थित रहें।