भिवानी रात के अंधेरे में कुछ इस तरह सफाई व्यवस्था बहाल करने उतरा प्रशासन....पुलिस-कर्मचारी हुए थे आमने-सामने
सैकड़ों सफाई कर्मचारियों को किया था गिरफ्तार
भिवानी शहर में बिगड़ी सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए जिला प्रशासन शनिवार देर रात भारी पुलिस बल और DMC की मौजूदगी में मैदान में उतरा। डंपिंग प्वाइंट पर हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारियों ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध किया, जिसके चलते पुलिस और कर्मचारियों के बीच आमना-सामना भी हुआ।
पुलिस ने कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया और बिना बल प्रयोग किए उन्हें बसों में बैठाकर मौके से हटाया गया। इसके बाद कर्मचारियों को डिटेन कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि कार्रवाई से पहले कुछ कर्मचारियों ने सफाई कार्य में इस्तेमाल होने वाले लोडरों की हवा निकाल दी थी और उन्हें पंक्चर कर दिया था, ताकि कचरा उठाने का काम प्रभावित हो सके। प्रशासन ने इसके बाद वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जेसीबी और ट्रैक्टरों को मौके पर उतारा और शहर में सफाई अभियान शुरू किया।
रात में सबसे पहले दिनोद गेट पर लगे कचरे के बड़े ढेर को हटाने के लिए ट्रैक्टर और जेसीबी मशीनें पहुंचीं। मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा, ताकि सफाई अभियान के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।
कल जिस तरह CMO की तरफ से सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिये उसके बाद जिला प्रशासन हड़ताल के कारण प्रभावित हुई शहर की सफाई व्यवस्था को वैकल्पिक संसाधनों के जरिए जल्द से जल्द सामान्य करने में जुट गया। इस दौरान कर्मचारी नेताओं ने विरोध भी जताया।