आदेश के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं, कमीशन मांगने के आरोपी सचिव का मामला पहुंचा डीएम दरबार
बलिया: सीयर ब्लॉक के ग्राम पंचायत सरयांडीहू भगत में कमीशन मांगने के आरोपी सचिव का मामला गुरुवार को डीएम दरबार पहुंच गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रमाशंकर यादव बाउल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर आरोपी सचिव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।
डीएम से मिलने के बाद शाम प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि वायरल ऑडियो की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद सचिव को निलंबित कर सीयर ब्लॉक से हटाकर रसड़ा ब्लॉक से संबद्ध किया जा चुका है। उनके मुताबिक, डीपीआरओ के निर्देश पर ब्लॉक प्रशासन द्वारा संबंधित थाने में दो बार तहरीर भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
प्रधान प्रतिनिधि ने मामले में विभागीय मिलीभगत की आशंका जताते हुए दोषी के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की। वहीं, उभांव थाना प्रभारी दिनेश पाठक ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है, लेकिन सरकारी कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए आवश्यक आदेश की प्रति मिलना अभी बाकी है।
#बलिया #सीयर #उभांव #कमीशनखोरी #डीएमदरबार