भरतपुर, मथुरा गेट थाना क्षेत्र में आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे स्थित चौधरी अस्पताल के सामने एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार आगरा की ओर से रॉन्ग साइड एक कार आ रही थी और बाइक सवार भरतपुर से आगरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार ने कार को बचाने का प्रयास किया तो वह असंतुलित हो गया। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे टक्कर मारकर रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक का सिर पूरी तरह से कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेलर चालक ट्रेलर को लेकर मौके से फरार हो गया.
सूचना मिलते ही सारस चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद शव सड़क पर पड़े होने के कारण जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए यातायात को बाधित होने से बचाते हुए वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला। एंबुलेंस के इंतजार में शव करीब 30 मिनट तक सड़क पर ही पड़ा रहा।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच में जुट गई है।