
#14निर्माणाधीन परियोजनाएं अधूरी मिलने पर जिलाधिकारी नाराज, कार्रवाई के दिए निर्देश
#सीएम स्तर पर हो रही समीक्षा, देरी पर होगी कड़ी कार्रवाई: डीएम
#बलिया
#जिलाधिकारी ने 05 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन एवं लंबित परियोजनाओं की कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने समीक्षा के दौरान जिले में 14 परियोजनाएं अब तक अपूर्ण पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों कोजवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। बैठक में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर, पर्यटन विभाग की दो परियोजनाएं, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बेलहरी सहित कुल 14 परियोजनाओं के अधूरे होने की जानकारी सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को निर्देशित किया कि संबंधित कार्यदायी संस्थाओं एवं विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन स्तर पर पत्र भेजा जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि महत्वपूर्ण परियोजनाओं में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं की वजह से परियोजनाएं लंबित हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की संस्तुति की जाए।
साथ ही समीक्षा के दौरान यह भी बताया गया कि जून 2026 के बाद विलंबित होने की श्रेणी में कुल चार परियोजनाएं हैं। इनमें परिवहन विभाग की एक, लोक निर्माण विभाग की दो तथा सिंचाई विभाग की एक परियोजना शामिल है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को इसी माह के भीतर पूर्ण कराया जाए।उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं की समीक्षा स्वयं मुख्यमंत्री स्तर पर की जा रही है, इसलिए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
#dmballia