
केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं जन-जागरूकता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में जिला प्रशासन द्वारा प्रातः 7:00 बजे शालीमार चौक से तिरंगा यात्रा निकाली गई।
पंचकूला के एसडीएम श्री चंद्रकांत कटारिया ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा को रवाना किया। सैकड़ों की संख्या में बच्चों, युवाओं एवं खिलाड़ियों ने पूरे जोश, उत्साह और उमंग के साथ यात्रा में भाग लिया।
प्रतिभागियों ने देशभक्ति के गीतों के साथ कदमताल करते हुए हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति, देशप्रेम एवं भाईचारे का संदेश दिया। एसडीएम श्री चंद्रकांत कटारिया ने स्वयं तिरंगा यात्रा में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
श्री चंद्रकांत कटारिया ने कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश की पहचान नहीं, बल्कि यह हमारी स्वतंत्रता, स्वाभिमान, एकता और राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। हर घर तिरंगा जैसे अभियान प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक प्रबल करते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं एवं विद्यार्थियों को ऐसे अभियानों से जोड़ना महत्वपूर्ण है, क्योंकि यही युवा आगे चलकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिलेभर में व्यापक स्तर पर विभिन्न देशभक्ति एवं जनभागीदारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत बाइक रैली, साइकिल रैली, मिनी मैराथन एवं तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं, जिनमें बच्चे, युवा, खिलाड़ी और आमजन पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर तिरंगे के सम्मान एवं देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।
तिरंगा यात्रा शालीमार चौक से शुरू होकर यवनिका पार्क के चारों ओर से होती हुई पुनः शालीमार चौक पर संपन्न हुई। प्रशासन की ओर से प्रतिभागियों को रिफ्रेशमेंट भी उपलब्ध कराई गई। तिरंगा यात्रा के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वतंत्रता दिवस के प्रति नागरिकों में उत्साह एवं जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia