Public App Logo
📡आगरा में खाद की कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन: 4 विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त, 10 दुकानों को नोटिस जारी. आगरा:उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में खरीफ सीजन के दौरान खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए जिला प्रशासन और कृषि विभाग पूरी तरह से हरकत में आ गया है। कृषि विभाग की टीमों ने विभिन्न ब्लॉकों में ताबड़तोड़ छापेमारी की कार्रवाई की। इस दौरान खाद की कई दुकानों और गोदामों की सघन जांच की गई। ▪️स्टॉक रजिस्टर में मिली गड़बड़ी, 30 नमूने प्रयोगशाला भेजे. आगरा के जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार के मुताबिक, जांच के दौरान मामला संदिग्ध लगने पर खाद के 30 नमूने (सैंपल्स) लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इसके अलावा, 4 दुकानों पर स्टॉक रजिस्टर में भारी गड़बड़ी पाई गई। इन दुकानों पर पॉश (PoS) मशीन में दर्ज बिक्री पैकेट की संख्या और रजिस्टर के रिकॉर्ड का आपस में मिलान नहीं हो रहा था। इस गंभीर लापरवाही पर तुरंत एक्शन लेते हुए चारों विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। ▪️बंद मिली दुकानों के संचालकों को नोटिस. छापेमारी के दौरान जो खाद की 10 दुकानें बंद पाई गईं, उनके संचालकों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया गया है। विभाग ने इन सभी दुकान संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। ▪️किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने की मंशा. प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप, इस समय किसानों के खेतों में मक्का, ज्वार, बाजरा, धान और सब्जियों की फसलें खड़ी हैं, जिन्हें सही समय पर खाद की जरूरत है। जिले में लगातार मिल रही ब्लैक मार्केटिंग की शिकायतों पर उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार, जिला कृषि निदेशक विनोद कुमार, जिला उद्यान अधिकारी मनोज कुमार और अपर जिला कृषि अधिकारी गुफरान अहमद के नेतृत्व में टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों का मुख्य उद्देश्य किसानों को गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराना और जमाखोरी व कालाबाजारी पर पूरी तरह से लगाम लगाना है। #badaunharpalnews #badaunharpal #budaunharpal #agra #urea #compost बदायूँ हर पल न्यूज़ @badaunharpalnews - Budaun News