
वन्दे भारत लाइव न्यूज़ :प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले CM नायब सिंह सैनी और हरियाणा के BJP विधायक
जनसेवा, संगठन-सरकार के समन्वय और विकास कार्यों पर हुई विस्तृत चर्चा
नई दिल्ली। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश के भाजपा विधायकों ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान हरियाणा में चल रहे विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल तथा जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधायकों को जनसेवा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सामाजिक कार्यकर्ता की भावना के साथ व्यक्तिगत स्तर पर भी समाजसेवा से जुड़कर जनता की समस्याओं का समाधान कराने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
प्रधानमंत्री ने सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा प्रत्येक कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक के दौरान मंत्रियों और विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों तथा विभागों से संबंधित फीडबैक भी साझा किया।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा में संगठन सचिव के रूप में बिताए अपने पुराने दिनों को भी याद किया। उन्होंने उस समय के अनुभव साझा करते हुए हरियाणा के लोगों और पुराने साथियों की कुशलक्षेम भी पूछी। इस दौरान माहौल भावुक और आत्मीय नजर आया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बैठक के बाद बताया कि प्रधानमंत्री के साथ हरियाणा की विकास परियोजनाओं, भविष्य की प्राथमिकताओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर हरियाणा के विकास को नई गति देने तथा आम जनता तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।
प्रवीण कुमार
वन्दे भारत न्यूज़ | पलवल संवाददाता
Hodal, Palwal | Oct 4, 2026