वन्दे भारत लाइव न्यूज़ /प्रवीण कुमार होडल :सरकारी बीज ने किसानों के सपनों पर फेरा पानी, भिडूकी में धान के पौधे में नहीं बना दाना प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को होडल की सरकारी दुकान से ख़रीदे गए धान के बीज ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। होडल खंड के गांव भिडूकी में किसानों ने सरकारी बीज से धान की फसल बोई थी, लेकिन अब जब फसल पकने का समय आया तो पौधे में दाना ही नहीं बना। फसल को खाली बालियों के साथ खेत में खड़ा देख किसानों के सपनों पर पानी फिर गया है।
पीड़ित किसानों का कहना है कि उन्होंने कृषि विभाग से भरोसा करके उन्नत किस्म का बीज लिया था। खाद, पानी, दवाई और मजदूरी में हजारों रुपये खर्च किए, लेकिन 3 महीने की मेहनत के बाद खेत में भूसे के अलावा कुछ नहीं मिला।
गांव के किसान रामबीर, लखमी और तेजपाल ने बताया, "हमने सरकार पर भरोसा किया था। अगर पता होता कि बीज नकली या खराब निकलेगा तो हम बाजार से अच्छा बीज ले आते। अब पूरे सीजन की कमाई डूब गई। बैंक का कर्ज कैसे चुकाएंगे?"
किसानों ने आरोप लगाया कि बीज की गुणवत्ता की जांच किए बिना ही वितरित कर दिया गया। पूरे गांव में लगभग 100-150 एकड़ में यही समस्या देखने को मिल रही है।
आहत किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द खेतों का गिरदावरी और सर्वे कराया जाए और प्रति एकड़ के हिसाब से उचित मुआवजा दिया जाए।
Hodal, Palwal | Oct 6, 2026