
छात्र संघ चुनाव बहाल हों, Gen-G को मिले नेतृत्व का अवसर: सुरजीत शर्मा भरमौरी
चम्बा। छात्र संघ चुनावों की बहाली को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी चम्बा के अध्यक्ष एवं युवा नेता एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से महत्वपूर्ण मांग उठाई है। उन्होंने आग्रह किया है कि लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों को सख्ती से लागू करते हुए प्रदेश के कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में इसी शैक्षणिक सत्र से प्रत्यक्ष छात्र संघ चुनाव बहाल किए जाएं।
सुरजीत शर्मा भरमौरी ने कहा कि आज की Gen-G (Generation Next) को छात्र राजनीति के माध्यम से लोकतांत्रिक मुख्यधारा में आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र केवल भविष्य के मतदाता नहीं हैं, बल्कि आने वाले समय के नीति-निर्माता, सामाजिक कार्यकर्ता और नेतृत्वकर्ता भी हैं। ऐसे में उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्यक्ष भागीदारी का अवसर देना जरूरी है।
उन्होंने अपने छात्र राजनीति के अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि वह स्वयं छात्र राजनीति से निकलकर जिला कांग्रेस कमेटी चम्बा के अध्यक्ष पद तक पहुंचे हैं। NSUI में कैंपस अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय सचिव और युवा कांग्रेस में गांव से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक कार्य करने के दौरान उन्हें छात्र राजनीति एवं Student Activism के महत्व को करीब से समझने का अवसर मिला।
छात्र राजनीति है नेतृत्व निर्माण की पहली पाठशाला
सुरजीत शर्मा भरमौरी ने कहा कि छात्र संघ चुनाव महज पद हासिल करने या चुनाव जीतने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह नेतृत्व निर्माण की पहली पाठशाला है। छात्र राजनीति युवाओं को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने, संगठन चलाने, समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करने का अवसर देती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू स्वयं NSUI में CR से लेकर मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी ABVP से छात्र राजनीति में सक्रिय रहे और बाद में प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। ऐसे में यह सवाल स्वाभाविक है कि जब छात्र संगठनों से निकला नेतृत्व प्रदेश का नेतृत्व कर सकता है, तो फिर कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव लंबे समय से बंद क्यों रहें।
युवाओं की आवाज नीति-निर्धारण तक पहुंचे
उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान देश और प्रदेश की राजनीति को नई दिशा देने के लिए छात्रों, युवाओं और Gen-G की भागीदारी को लेकर भी चर्चा हुई। युवाओं के आंदोलनों, विचारों और सुझावों को नीति-निर्धारण की प्रक्रिया में शामिल करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
सुरजीत शर्मा भरमौरी के अनुसार इसी क्रम में प्रदेश में छात्र संघ चुनाव बहाल करने का मुद्दा राहुल गांधी और मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के समक्ष भी उठाया गया है।
लोकतांत्रिक मंच से तैयार होगा नई पीढ़ी का नेतृत्व
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और देश तथा प्रदेश को नई ऊर्जा, नई सोच और नई दृष्टि वाला नेतृत्व तभी मिल सकता है, जब युवा पीढ़ी को लोकतांत्रिक मंचों पर अपनी बात रखने और नेतृत्व करने का अवसर दिया जाए।
उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनावों की बहाली से कॉलेज और विश्वविद्यालय परिसरों में लोकतांत्रिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित होगी। इससे भविष्य के लिए एक ऐसी नेतृत्वकारी पीढ़ी तैयार की जा सकेगी, जो जमीनी मुद्दों को समझते हुए समाज और प्रदेश के विकास में प्रभावी भूमिका निभा सके।
सुरजीत शर्मा भरमौरी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के अनुरूप पारदर्शी एवं अनुशासित तरीके से छात्र संघ चुनाव बहाल करने की दिशा में जल्द निर्णय लिया जाए, ताकि प्रदेश की Gen-G को लोकतांत्रिक नेतृत्व की पाठशाला में आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
#StudentUnionElections #GenG #YouthLeadership #StudentPolitics #Democracy #YouthEmpowerment #NSUI #ABVP #HimachalPradesh #Chamba #SurjeetSharmaBharmauri #StudentActivism #LeadershipDevelopment #YouthVoice
हिम संदेश Sukhvinder Singh Sukhu Adv Surjeet Sharma Bharmouri
Saach, Chamba | Aug 19, 2026