
#Shravasti:- बंद चावल में छाप रहे थे नकली नोट, तीन गिरफ्तार,,,,
बहराइच। श्रावस्ती जिले में नकली नोट छापने की फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। सोनवा थाना क्षेत्र के भिठिया चिचड़ी स्थित गिरिराज चावल मिल में नकली नोट बनाने का काम चल रहा था। लखनऊ से आई एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर मिल से 1 लाख 74 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए। इनमें 100, 200 और 500 रुपये के नोट शामिल हैं। पुलिस ने मिल मालिक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ को चावल मिल में छापेमारी के दौरान एक लाख 74 हजार रुपये के तैयार नकली नोटों के अलावा 5,500 रुपये नकद, मोबाइल फोन और पहचान पत्र बरामद किए। इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस शामिल हैं। इसके साथ ही कलर प्रिंटर, केबल, प्रिंटर इंक रिफिल, जेके एक्सेल बॉन्ड पेपर, स्केल, कटर ब्लेड, कैंची और नकली नोट बनाने में इस्तेमाल होने वाली अधबनी सामग्री व कतरन भी मिली।
पुलिस ने इस मामले में गिरिजा शंकर जायसवाल निवासी बहराइच, नरेंद्र कुमार चौरसिया निवासी श्रावस्ती और बृजेन्द्र गोस्वामी निवासी इकौना को गिरफ्तार किया है। गिरिजा शंकर चावल मिल का मालिक बताया जा रहा है। तीनों आरोपियों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।