
18 वर्षों के इंतजार के बाद मेहसौल में 100 बेड के अल्पसंख्यक छात्रावास का निर्माण शुरू.
साढ़े 8 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा छात्रावास, वर्ष 2004 से लंबित थी योजना
सीतामढ़ी। मेहसौल सहित पूरे क्षेत्र के लिए मंगलवार का दिन ऐतिहासिक और खुशी का दिन रहा। वर्ष 2004 से लंबित अल्पसंख्यक छात्रावास निर्माण की योजना अब धरातल पर उतर गई है। मेहसौल पूर्वी, नगर निगम वार्ड संख्या-28 में करीब साढ़े 8 करोड़ रुपये की लागत से 100 बेड वाले अल्पसंख्यक छात्रावास भवन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार को प्रस्तावित स्थल पर जमीन का सीमांकन एवं ले-आउट का कार्य कराया गया।
सहायक निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण डॉ. सुनीता सोनू ने स्थल पर पहुंचकर निर्माण से संबंधित कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि छात्रावास भवन निर्माण को लेकर आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
लंबे इंतजार के बाद पूरी हुई बड़ी उम्मीद
अल्पसंख्यक छात्रावास की यह योजना वर्ष 2004 से लंबित थी। करीब 18 वर्षों से विभिन्न स्तरों पर चल रही प्रक्रिया के बाद अब निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है। 100 बेड वाला यह छात्रावास दूर-दराज के क्षेत्रों से आकर पढ़ाई करने वाले अल्पसंख्यक विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण आवासीय सुविधा उपलब्ध कराएगा। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलने के साथ उनकी पढ़ाई को भी बढ़ावा मिलेगा।
रहमानिया युवा एकता कमेटी ने जताया आभार
रहमानिया युवा एकता कमेटी, मेहसौल के जिलाध्यक्ष मो. अरमान अली ने छात्रावास निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए कहा कि मेहसौल में वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण योजना का धरातल पर उतरना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव और खुशी का विषय है। उन्होंने इसके लिए जिला प्रशासन, सीतामढ़ी एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को धन्यवाद देते हुए बधाई दी।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। छात्रावास बनने से दूर-दराज के क्षेत्रों से पढ़ाई के लिए आने वाले विद्यार्थियों को रहने की सुविधा मिलेगी और उन्हें पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध होगा।
शिक्षा और विकास को मिलेगी नई दिशा
स्थानीय लोगों का कहना है कि साढ़े 8 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 100 बेड का छात्रावास मेहसौल के विकास में एक महत्वपूर्ण अध्याय साबित होगा। इससे विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि छात्रावास भवन का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा के भीतर, लगभग एक वर्ष में पूरा किया जाएगा। वर्षों से लंबित योजना के निर्माण की शुरुआत को लोगों ने क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।
ये लोग रहे मौजूद
सीमांकन एवं ले-आउट के दौरान रहमानिया युवा एकता कमेटी के जिलाध्यक्ष मो. अरमान अली, अल्पसंख्यक एकता मंच के जिलाध्यक्ष मो. मुर्तुजा, शेख मो. जियाउर्रहमान, मो. गुलाब, मो. अलीम उर्फ आरजू, मो. मजहर अली राजा, ई. तौकीर अनवर उर्फ सिकंदर, मो. अफरोज आलम, मो. कमर अख्तर, मो आमिर मुख्तार उर्फ आरजू, वार्ड पार्षद मो अताउल्लाह रहमानी समेत अन्य लोग मौजूद थे।