
*बलिया में कुल 21,95,749 मतदाता, सातों विधानसभा क्षेत्रों की सूची जारी*
*जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची जारी, पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू*
*बीएलओ के पास जमा करें दावा-आपत्ति, 16 दिसंबर तक चलेगी प्रक्रिया*
बलिया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण- 2027 के तहत जनपद की सातों विधान सभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को कर दिया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए जनपद के सभी मतदाताओं से मतदाता सूची का अवलोकन करने की अपील की है। जिले की 357- बेल्थरा रोड (अजा), 358-रसड़ा, 359- सिकंदरपुर, 360-फेफना, 361-बलिया नगर, 362-बांसडीह तथा 363-बैरिया विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची प्रकाशित की गई है। प्रकाशित सूची में नाम शामिल कराने, संशोधन कराने अथवा किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। मतदाता अपने दावे और आपत्तियां ऑनलाइन https:// voters.eci.gov.in पोर्टल तथा ECINET ऐप के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा निर्धारित प्रारूप में ऑफलाइन आवेदन संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के तहसील कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे। निर्वाचन विभाग की ओर से मतदाताओं की सुविधा के लिए 21 व 22 नवंबर तथा 28 व 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गई हैं। इन दिनों प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी आलेख्य मतदाता सूची और निर्धारित प्रपत्रों के साथ उपस्थित रहेंगे, जहां मतदाता अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, आलेख्य मतदाता सूची सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों, जिला निर्वाचन कार्यालय बलिया, संबंधित तहसील कार्यालयों तथा मतदान केंद्रों पर जनसामान्य के अवलोकन के लिए निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत प्रकाशित प्रारंभिक मतदाता सूची में जिले के कुल 21,95,749 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 12,19,215 पुरुष, 9,76,462 महिलाएं तथा 72 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपने मतदान केंद्र अथवा संबंधित कार्यालय पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि नाम, पता या अन्य विवरण में कोई त्रुटि हो अथवा पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो, तो निर्धारित समय सीमा के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कराएं, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सके।
Ballia, Ballia | Nov 17, 2026