
पण्डितांवाली में लूट व चेन स्नेचिंग से ग्रामीणों में भारी आक्रोश, पुलिस गश्त बढ़ाने व नशे पर रोक की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
#लालबहादुर_भाखर #pilibangannews #LatestNews
पीलीबंगा (हनुमानगढ़)। उपखंड क्षेत्र के निकटवर्ती गांव पण्डितांवाली में पिछले करीब 5-6 दिनों से लगातार हो रही लूट और चेन स्नेचिंग की वारदातों के चलते ग्रामीणों में भय और भारी आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्र में बेखौफ घूम रहे असमाजिक तत्व और लुटेरे आए दिन राह चलती महिलाओं को अपना आसान निशाना बना रहे हैं। दिनदहाड़े गहने और सोने की चेन झपटने जैसी घटनाओं के कारण गांव की महिलाओं और आमजन में दहशत का माहौल बना हुआ है।
बदमाशों के बढ़ते हौसलों और लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था से खफा होकर गांव के लोग एकजुट हो गए। ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पीलीबंगा थाने पहुंचकर थानाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने की मांग की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि क्षेत्र में तेजी से पैर पसार रहा अवैध नशे का कारोबार इन अपराधों की मुख्य वजह बन रहा है। नशे की लत के चलते युवा वर्ग इन वारदातों में लिप्त हो रहा है, जिससे गांव का शांत वातावरण खराब हो रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस से गांव व आसपास के मुख्य मार्गों पर तुरंत नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्धों पर नजर रखने तथा नशे के काले कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही वारदातों पर लगाम नहीं लगी और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो ग्रामीण आंदोलन की राह अपनाने को मजबूर होंगे।
इस दौरान बसन्त जाखड़, नरसाराम जाखड़, राहुल गोदारा, दयाराम जाखड़, साहबराम, सुरेन्द्र जगला, संदीप पारीक, पृथ्वीराज शर्मा, बलराम बामनिया, सतपाल जांदू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।