
विशेष एवं राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी को लेकर न्यायिक पदाधिकारियों की बैठक
लखीसराय। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय के तत्वावधान में आगामी 21 नवंबर को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत एवं 12 दिसंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बुधवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के प्रकोष्ठ में न्यायिक पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार लखीसराय सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम के मार्गदर्शन में किया गया।
बैठक की अध्यक्षता मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी आशीष कुमार अग्निहोत्री ने की। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विधानंद सागर सहित न्यायिक पदाधिकारी रंजीत कुमार सोनू, शिप्रा कुमारी, श्रीनिवास शर्मा, हिमांशु भार्गव, सुमन चंद्रा एवं प्रशांत कुमार उपस्थित रहे।
बैठक में विशेष एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर अधिक से अधिक सुलहनीय वादों को चिन्हित करने, पक्षकारों को नोटिस जारी करने तथा प्री-सिटिंग कराने पर विस्तार से चर्चा की गई। न्यायिक पदाधिकारियों को अधिक से अधिक वादों के अभिलेखों का निस्तारण सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करने पर जोर दिया गया।
सचिव विधानंद सागर ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया कि अधिक से अधिक सुलहनीय वादों को चिन्हित कर पक्षकारों को नोटिस भेजा जाएगा, ताकि प्री-सिटिंग के माध्यम से मामलों के आपसी समझौते का प्रयास किया जा सके और आगामी लोक अदालतों में अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन हो सके।