
💥मझगवां बस स्टैंड मे लटके बिजली के तार और डोलते खंभे दे रहे अनहोनी को दावत, आज सुबह से सर्विस लाइन टूटने का क्रम जारी!
मझगवां मुख्य बस स्टैंड इन दिनों विद्युत विभाग की गंभीर उदासीनता के चलते खतरे की गिरफ्त में है। सड़क की ऊंचाई बढ़ जाने और बिजली के खंभों की लंबाई कम होने के कारण मेन लाइन और सर्विस के तार इतने नीचे आ गए हैं कि वे वाहनों में फंस रहे हैं। दिनभर तारों के टूटने और जाम की स्थिति बने रहने से स्थानीय नागरिकों और राहगीरों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब आज सुबह से ही बस स्टैंड क्षेत्र में नीचे लटक रहे तार वाहनों की चपेट में आकर बार-बार टूटने लगे। स्थिति यह बन गई कि मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित होने से जाम के हालात खड़े हो गए। खास बात यह है कि एक तरफ जहाँ लगातार तारों के टूटने से यातायात प्रभावित हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ त्यौहार का चल समारोह भी इसी मार्ग से गुजर रहा है, जिससे किसी बड़ी जनहानि की आशंका लगातार बनी हुई है।
मामले को लेकर जब स्थानीय विद्युत कर्मियों से बात की गई, तो उनका कहना था कि सर्विस लाइनें जगह-जगह नीचे लटक रही हैं और वे अकेले ऐसी स्थिति में क्या कर सकते हैं? फिलहाल, बिजली बंद करके किसी तरह तार सुधारने के अलावा उनके पास कोई अन्य विकल्प नहीं बचा है। इस लचर व्यवस्था के कारण विभाग के उदासीन रवैये से कई घरों की बिजली भी गुल हैँ,वासिंदे अंधेरे में काम करने को मजबूर हैं।
अब देखना यह होगा कि खबर सामने आने के बाद विद्युत विभाग गहरी नींद से जागता है या फिर किसी बड़े हादसे के घटित होने का इंतजार किया जाता है।