
वायरल अश्लील वीडियो को लेकर वैशाली पुलिस की अपील, कहा- महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार कानूनन अपराध
हाजीपुर। जमुई, समस्तीपुर समेत बिहार के अलग-अलग इलाकों से महिलाओं और युवतियों के साथ अश्लील हरकत एवं अभद्र व्यवहार से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बीच वैशाली पुलिस ने लोगों से संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने की अपील की है।
वैशाली पुलिस की ओर से जारी जागरूकता संदेश में स्पष्ट किया गया है कि किसी व्यक्ति के पहनावे, व्यवहार, दोस्ती, प्रेम संबंध या निजी जीवन को लेकर बिना अधिकार रोक-टोक करना मोरल पुलिसिंग की श्रेणी में आ सकता है। किसी को साथ घूमने, बैठने या बातचीत करने पर धमकाना अथवा अपमानित करना भी उचित नहीं है। पुलिस ने कहा कि किसी की निजी स्वतंत्रता में अनावश्यक हस्तक्षेप गलत और कई परिस्थितियों में कानूनन दंडनीय हो सकता है।
पुलिस ने विशेष रूप से महिलाओं के साथ छेड़छाड़, अश्लील टिप्पणी, बिना अनुमति फोटो या वीडियो बनाना, पीछा करना (स्टॉकिंग), अनचाहा शारीरिक स्पर्श/यौन उत्पीड़न तथा धमकी या उत्पीड़न को गंभीरता से लेने की बात कही है। जागरूकता पोस्ट में इन कृत्यों के संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं का भी उल्लेख किया गया है।
वैशाली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी महिला या युवती से जुड़ा आपत्तिजनक वीडियो मिलने पर उसे आगे प्रसारित करने के बजाय जिम्मेदारी से काम लें और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की सूचना पुलिस को दें।
वैशाली पुलिस का संदेश: हर व्यक्ति को अपनी पसंद, जीवनशैली और गरिमा के साथ जीने का अधिकार है। सम्मान दें, कानून का पालन करें और दूसरों की स्वतंत्रता का सम्मान करें। किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 पर सूचना दें।
यंग इंडिया न्यूज़ का सवाल: वायरल वीडियो को शेयर करने के बजाय क्या हमें ऐसे मामलों में कानून का सहारा लेकर पीड़ित की मदद नहीं करनी चाहिए?
#VaishaliPolice #BiharPolice #MoralPolicing #WomenSafety #BNS #Dial112 #ViralVideo #BiharNews #Hajipur #YoungIndiaNews