
नाबालिग से घर में घुसकर छेड़छाड़ करने वाले दोषी को चार साल की सजा
- फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 34 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया, तीन साल पुराने मामले में सुनाया फैसला
सिरसा।
सिरसा के निकटवर्ती गांव में घर में घुसकर नाबालिग से छेड़छाड़ करने के मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने दोषी को चार साल कैद की सजा सुनाई है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक कोर्ट) डॉ. नरेश सिंघल की अदालत ने बुधवार को दोषी पर 34 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। यह जानकारी देते हुए सहायक जिला न्यायवादी अमित मेहता ने बताया कि अदालत में सुनवाई के दौरान सामने आए तथ्यों के अनुसार, मामला 10 मई 2023 का है। पीड़िता 12वीं कक्षा की छात्रा थी और आरोपी युवक की बहन से उसकी जान-पहचान थी। इसी परिचय का फायदा उठाकर आरोपी उसके घर में घुस गया और उसके साथ छेड़छाड़ की। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि घटना के समय वह घर पर अकेली थी। उसके पिता मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे। शाम के समय वह कमरे के गेट के पास खड़ी थी। इसी दौरान आरोपी घर में आया और अंदर से कुंडी बंद कर दी। आवाज सुनकर जब वह बाहर आई तो आरोपी उसका हाथ पकड़कर कमरे में ले गया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसके कपड़े फाड़ने और जबरदस्ती करने का प्रयास किया।
धमकी देकर मौके से भागा आरोपी
पीड़िता ने आरोपी को धक्का देकर खुद को छुड़ाया और दरवाजे की कुंडी खोलकर बाहर निकल आई। आरोपी भी उसके पीछे आया और किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी देकर चला गया। कुछ देर बाद मां के घर लौटने पर पीड़िता ने उसे पूरी घटना बताई। अगले दिन 11 मई को परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज करने के साथ महिला अधिवक्ता की मौजूदगी में उसकी काउंसलिंग करवाई। बाल कल्याण समिति के समक्ष भी काउंसलिंग करवाई गई और मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच पूरी कर अदालत में चालान पेश किया। सुनवाई के बाद अदालत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए चार साल कैद और 34 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
Sirsa, Sirsa | Nov 11, 2026