
साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित
बजट घोषणाओं, हरियालो राजस्थान अभियान एवं विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
धौलपुर, 23 जून। जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, बजट घोषणाओं तथा आगामी बरसाती मौसम को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर ने बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत अब तक की तैयारियों की समीक्षा की। बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए नालों की नियमित सफाई एवं सड़कों के गड्ढों में पैचवर्क के माध्यम से मरम्मत करवाने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। साथ ही विभागीय अधिकारियों को कार्यालय भवनों की छतों की सफाई तथा जहां लीकेज की समस्या हो, वहां समय रहते मरम्मत करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की प्रगति की समीक्षा करते हुए छात्रवृत्ति एवं आरटीई के अंतर्गत भौतिक सत्यापन तथा नामांकन की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने नामांकन बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि जो विद्यालय भवन पूर्णतः असुरक्षित हैं, उन्हें समय रहते हटाया जाए तथा मरम्मत योग्य भवनों की मरम्मत सुनिश्चित की जाए।
बिजली विभाग की समीक्षा के दौरान घरेलू शहरी एवं ग्रामीण विद्युत कनेक्शनों, पीएम सूर्यघर योजना तथा कृषि कनेक्शनों की प्रगति की जानकारी ली गई। बरसात के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल करने, झूलते हुए तारों को कसने तथा विद्युत लाइनों के आसपास स्थित टेढ़े-मेढ़े पेड़ों की पहचान कर नियमानुसार हटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने जलदाय विभाग की समीक्षा के दौरान एफएचटीसी तथा अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत ब्लॉकवार शहरी कार्यों की भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
नगर परिषद अधिकारियों को नालों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा बरसात के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों के किनारे जलभराव से उत्पन्न गड्ढों की मरम्मत कराने, सड़क पर निर्माण सामग्री के कारण यातायात प्रभावित होने की स्थिति में उसे हटवाने तथा सॉलिड वेस्ट प्लांट की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान शिविरों में फार्मर आईडी निर्माण की प्रगति की जानकारी ली गई तथा कोबरा वायर हटाने की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। राजस्थान संपर्क पोर्टल, वीवीआईपी एवं मुख्यमंत्री कार्यालय से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में उपवन संरक्षक वी चेतन कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद बबली राम जाट सहित सम्बन्धित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।