एलपीजी उपभोक्ताओं को राहत: अब 25 दिन बाद कर सकेंगे अगले सिलिंडर की बुकिंग,
पटना। घरेलू गैस सिलिंडर का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। इंडियन ऑयल ने एलपीजी सिलिंडर की दोबारा बुकिंग को लेकर नियम में बदलाव किया है। अब ग्रामीण और शहरी, दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को एक सिलिंडर लेने के बाद अगले सिलिंडर की बुकिंग के लिए 25 दिनों का इंतजार करना होगा।
पहले ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए दोबारा सिलिंडर बुक करने की अवधि 45 दिन निर्धारित थी। नए नियम के बाद ग्रामीण उपभोक्ताओं को अब 20 दिन पहले ही अगला सिलिंडर बुक करने की सुविधा मिल सकेगी। इससे खासकर अधिक खपत वाले परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इंडियन ऑयल के इस बदलाव से ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग की अवधि समान हो गई है। इससे उपभोक्ताओं को अपनी घरेलू गैस की जरूरत के अनुसार सिलिंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सुविधा होगी।