
#गुना - मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत रामेश्वरम यात्रा के लिए 01 सितंबर तक करें आवेदन
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत गुना जिले से दिनांक 07 सितम्बर 2026 से 12 सितम्बर 2026 तक "रामेश्वरम" तीर्थ यात्रा प्रस्तावित है। यात्रा में गुना जिले से 196 यात्री तथा 04 अनुरक्षक की भागीदारी निर्धारित है। यात्रा में सम्मिलित होने के इच्छुक आवेदक आवेदन पत्र दिनांक 20 अगस्त 2026 से 01 सितम्बर 2026 तक अनिवार्य रूप से संबंधित नगरपालिका एवं जनपद पंचायत कार्यालय में जमा करवा सकते हैं।
पात्रता संबंधी नियम
योजना का लाभ केवल मध्यप्रदेश के मूल निवासी को मिलेगा। आवेदक आयकरदाता नहीं होना चाहिए तथा उसकी आयु 60 वर्ष पूर्ण होना आवश्यक है। महिलाओं के लिए न्यूनतम आयु 58 वर्ष निर्धारित है। 60 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले व्यक्तियों पर आयु सीमा लागू नहीं होगी। पति-पत्नी में से किसी एक के पात्र होने पर जीवनसाथी भी यात्रा के लिए पात्र होगा। अधिकतम 25 व्यक्तियों का समूह आवेदन कर सकता है, जिसमें समूह प्रमुख मुख्य आवेदक होगा। आवेदक शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए तथा किसी संक्रामक रोग से ग्रसित नहीं होना चाहिए। इसके लिए चिकित्सीय प्रमाण-पत्र आवश्यक रहेगा।
65 वर्ष से अधिक आयु के अकेले यात्री तथा 60 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग यात्री अपने साथ एक सहायक (केयर टेकर) ले जा सकेंगे। एक आवेदक केवल एक तीर्थ स्थल के लिए आवेदन कर सकेगा। प्राप्त आवेदनों की संख्या निर्धारित सीमा से अधिक होने पर चयन कम्प्यूटरीकृत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा तथा निर्धारित कोटे के अतिरिक्त 10 प्रतिशत प्रतीक्षा सूची भी तैयार की जाएगी।
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh