
उपायुक्त ने स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल व आसान बनाने के लिए आभा आईडी बनवाने की जिलावासियों से करी अपील
एबीएचए आईडी को लेकर लघु सचिवालय के सभागार में कार्यशाला का हुआ आयोजन
पंचकूला, 1 अक्तूबर- आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज लघु सचिवालय के सभागार में उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा के मार्गदर्शन में एबीएचए आईडी को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस मौके पर उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को अपनी व अपने परिवारों की आभा आईडी बनाकर उसका लाभ उठाने की अपील की।
उपायुक्त ने बताया कि एबीएचए आईडी को नागरिकों की डिजिटल स्वास्थ्य पहचान के रूप में विकसित किया गया है। व्यक्ति के स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखने और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए यह आभा आईडी बनाई गई है। डिजिटल स्वास्थ्य पहचान के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध रखा जाएगा।
अतिरिक्त उपायुक्त श्री विवेक आर्या ने कार्यशाला में उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से एबीएचए आईडी बनवाने की अपील की।
एबीएचए की संयुक्त निदेशक र्कीति शर्मा ने बताया कि जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों और आम नागरिकों को डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली से जोड़ना तथा उन्हें अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से व्यवस्थित रखने के प्रति जागरूक करना है।
उप सिविल सर्जन डाॅ मनीष ने बताया कि एबीएचए में सुरक्षित एवं डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड, स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच, स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को सुविधाजनक तरीके से साझा करने तथा बेहतर एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं में सहायता जैसे विषय प्रमुख रहेंगे।
उन्होंने सभी को एबीएचए आईडी से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर एसडीएम मन्नत राणा, नगराधीश जागृति, तहसीलदार सुरेश कुमार, एबीएचए की प्रोग्राम काॅर्डिनेटर रविना सदर, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, समाज कल्याण, पुलिस, वन, पीडब्ल्यूडी बी एंड आर, नगर निगम, नगर परिषद, मत्स्य विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।