
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा पर ओपन शेल्टर होम के बच्चों ने बनाए आकर्षक पोस्टर
बाल कल्याण समिति और बाल संरक्षण इकाई ने दी छठ पूजा की शुभकामनाएं
यमुनानगर, 12 नवंबर- ओपन शेल्टर होम के नन्हे कलाकारों ने अपनी कलम और रंगों के माध्यम से छठ महापर्व की पावन छटा को कागज पर उकेरा और प्रदर्शनी के रूप में प्रस्तुत किया। बाल कल्याण समिति और जिला बाल संरक्षण इकाई ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की। समिति सदस्य सुशील गुलाटी और मोनिका रानी ने बताया इन बच्चों द्वारा बनाए गए खूबसूरत पोस्टर उनकी रचनात्मकता, अटूट आस्था और अपनी संस्कृति के प्रति गहरे जुड़ाव को दर्शाते हैं। इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां न केवल बच्चों में कला के प्रति रुचि बढ़ाती हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, स्वच्छता और अपनी समृद्ध परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना भी जगाती हैं।
बाल कल्याण समिति अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया महापर्व छठ को लेकर लोगों की गहरी और अटूट आस्था है। छठ का व्रत सभी व्रतों में सबसे कठिन माना जाता है। यह व्रत पूरे 36 घंटे तक को होता है। हिंदू धर्म में महापर्व छठ पूजा का विशेष महत्व बताया गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठ व्रत करने से छठी मैया की कृपा से संतान को दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और घर-परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है। छठ का व्रत अत्यंत ही कठिन माना जाता है। बच्चों द्वारा प्रस्तुत विशेष रचनात्मक गतिविधि ओपन शेल्टर होम इंचार्ज सुखमिंदर सिंह, समन्वयक संजीव बर्मन, सामाजिक कार्यकर्ता तारिक अजीज व अन्य स्टाफ की देख रेख में आयोजित की गई। कार्यवाहक जिला बाल संरक्षण अधिकारी रंजन शर्मा ने बताया की महिला एवं बाल विकास के मिशन वात्स्लय के तहत बाल देख रेख संस्थानों के बच्चों को त्योहारों के महत्व की जानकारी दी जाती है।