
जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में एलपीजी गैस कंपनियों के सेल्स मैनेजरों के साथ एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था के संबंध में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
The silence media news
बैठक में जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता, आपूर्ति एवं वितरण की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी द्वारा घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की रोकथाम एवं घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग पर विशेष रूप से समीक्षा करते हुए दोनों अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी परिस्थिति में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक प्रयोजन में नहीं होने दिया जाए तथा इसकी नियमित अनुश्रवण एवं जांच सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि औरंगाबाद जिले में कुल 37 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनके माध्यम से कुल 4,94,052 घरेलू गैस कनेक्शन एवं 971 व्यावसायिक गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कंपनीवार उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार आईओसीएल, बीपीसीएल एवं एचपीसीएल द्वारा जिले में गैस आपूर्ति की जा रही है। साथ ही जिले में कुल 115 पेट्रोल पम्प संचालित हैं तथा सभी कंपनियों के पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता सामान्य रूप से बनी हुई है।
दिनांक 09.06.2026 के गैस वितरण प्रतिवेदन की समीक्षा में बताया गया कि जिले में प्रतिदिन औसतन 6,903 सिलेंडरों की मांग के विरुद्ध 6,741 सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। वर्तमान में कुल 22,938 रिफिल बुकिंग लंबित हैं तथा बैकलॉग अवधि 3.4 दिन है। जिले में वर्तमान गैस स्टॉक 11,709 सिलेंडर उपलब्ध है।
जिला स्तर पर गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के त्वरित निष्पादन हेतु 24×7 नियंत्रण कक्ष संचालित किया जा रहा है तथा दिनांक 09.06.2026 को प्राप्त 01 शिकायत का निवारण कर दिया गया।
बैठक के दौरान जिले में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जानकारी दी गई कि दिनांक 08.06.2026 तक जिले में कुल 1,778 घरेलू पीएनजी कनेक्शन चालू किए जा चुके हैं।
जिला स्तरीय पूर्व समीक्षा दिनांक 18.03.2026 के समय यह संख्या 1,427 थी, जिसके बाद समीक्षा अवधि में कुल 351 नए कनेक्शन चालू किए गए हैं तथा केवल दिनांक 08.06.2026 को 08 नए कनेक्शन जोड़े गए हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि जिले में पीएनजी कनेक्शन हेतु कुल 4,123 उपभोक्ताओं द्वारा पंजीकरण कराया गया है, जिनमें से 1,778 कनेक्शन चालू किए जा चुके हैं तथा 2,345 उपभोक्ताओं के कनेक्शन विभिन्न प्रक्रियाओं में लंबित हैं।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि 209 उपभोक्ताओं के यहां मीटर स्थापित किए जा चुके हैं एवं कनेक्टिविटी कार्य प्रगति पर है, 485 उपभोक्ताओं के यहां मीटर स्थापना एवं जीआई पाइपिंग कार्य लंबित है, 587 मामलों में सुरक्षा जमा राशि जमा नहीं की गई है, 127 मामलों में दस्तावेजों में त्रुटि है तथा 937 मामलों में दस्तावेज सत्यापन एवं निरीक्षण की प्रक्रिया प्रगति पर है।
इस पर जिला पदाधिकारी ने पीएनजी के नोडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक लोगों को पीएनजी कनेक्शन के लाभों के प्रति जागरूक किया जाए तथा लंबित कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, जैसे होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक पीएनजी कनेक्शन ग्रहण करें, जिससे गैस आपूर्ति व्यवस्था अधिक सुचारू एवं सुविधाजनक बन सके तथा एलपीजी सिलेंडर पर निर्भरता कम की जा सके।
बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह, दाउदनगर अनुमंडल पदाधिकारी अमित राजन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्वेतांक लाल सहित संबंधित पदाधिकारी एवं एलपीजी कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
#thesilencemedianews #abhilashasharmaias #AbhilashaSharma #aurangabad #औरंगाबाद #LPGPriceHike #lpggas