
तांत्रिक क्रिया का झांसा देकर सोने के आभूषण ठगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
- 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल, देवास से गुजरात और राजस्थान तक 3000 किमी पीछा कर पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
अनोखा तीर, देवास। अंधविश्वास की आड़ में तांत्रिक क्रिया के नाम पर महिला से सोने के आभूषण ठगने वाले दो आरोपियों को देवास पुलिस ने आठ दिन में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख रुपए कीमत के सोने के आभूषण सहित 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों तक पहुंचने में 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में देवास से गुजरात और राजस्थान तक करीब 3000 किलोमीटर की पड़ताल की। पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को त्रिलोक नगर निवासी गीता प्रजापत ने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने घर की बाधा और तांत्रिक क्रिया के माध्यम से समस्या का समाधान करने का झांसा देकर पहले 2100 रुपए लिए। इसके बाद घर पहुंचकर तांत्रिक क्रिया के नाम पर सोने के आभूषण लिए और उन्हें लाल कपड़े की पोटली में बांधकर अगले दिन वापस करने की बात कही। महिला के मिश्रीलाल नगर पहुंचने पर आरोपियों ने कथित तांत्रिक क्रिया कर पोटली वापस कर दी। घर पहुंचकर पोटली खोलने पर उसमें से सोने के आभूषण गायब मिले। वापस मिश्रीलाल नगर पहुंचने पर आरोपियों के ठिकाने पर ताला लगा मिला।
फरियादिया की रिपोर्ट पर सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 482/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर गजेंद्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी सिविल लाइन विजय सिंह लोधी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आरोपियों की गतिविधियों से जुड़े 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम अहमदाबाद पहुंची और जांच को आगे बढ़ाते हुए पाली एवं जोधपुर, राजस्थान तक पहुंची। करीब 3000 किलोमीटर की पड़ताल के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम प्रदीप पिता चंपालाल जोशी (36), निवासी पिपाड़ शहर, जिला जोधपुर तथा विनोद कुमार पिता कैलाशचंद्र जोशी (42), निवासी पिपाड़ शहर, जिला जोधपुर बताए। आरोपियों की निशानदेही पर पाली, राजस्थान स्थित विनोद कुमार के घर से महिला से ठगी किए गए संपूर्ण सोने के आभूषण बरामद किए गए।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी सोने के टॉप्स, एक जोड़ी कान की झुमकी, एक बड़ा मंगलसूत्र पेंडल, दो छोटे मंगलसूत्र पेंडल, 18 मोती (पारा) एवं तीन मोबाइल फोन सहित करीब 3 लाख रुपए का मश्रुका बरामद किया है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह लोधी, उपनिरीक्षक लोकेश कुशवाह, संजय सौराष्ट्रीय, प्रधान आरक्षक पवन पटेल, सुनील देथलिया, आरक्षक हितेश कुशवाह तथा साइबर सेल से प्रधान आरक्षक सचिन चौहान एवं शिवप्रताप सिंह सेंगर का विशेष योगदान रहा।
Harda, Harda | Sep 7, 2026