
पेपरलेस निबंधन में वैशाली पूरे बिहार में अव्वल, 1,447 दस्तावेजों का डिजिटल निबंधन
हाजीपुर। सात निश्चय-3 के तहत शुरू की गई “सबका सम्मान, जीवन आसान” पहल के अंतर्गत पेपरलेस निबंधन व्यवस्था के क्रियान्वयन में वैशाली जिला पूरे बिहार में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। जिले में अब तक 1,447 दस्तावेजों का डिजिटल निबंधन किया जा चुका है।
जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के सतत अनुश्रवण, प्रभावी मार्गदर्शन और निरंतर प्रयासों से जिले में पेपरलेस निबंधन व्यवस्था का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है। राज्य में पेपरलेस निबंधन की शुरुआत के बाद दस्तावेज निबंधन के मामले में मधुबनी 522 दस्तावेजों के साथ दूसरे और पटना 334 दस्तावेजों के साथ तीसरे स्थान पर है।
बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा 11 जुलाई 2026 को पेपरलेस निबंधन व्यवस्था का शुभारंभ किया गया था। इसका उद्देश्य दस्तावेज निबंधन की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी, जनोन्मुखी और तकनीक आधारित बनाना है।
नई व्यवस्था के तहत जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े निबंधन में कागजी कार्रवाई को न्यूनतम किया गया है। दस्तावेज तैयार करने से लेकर निबंधन तक की अधिकांश प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित हो रही है। इससे लोगों के समय की बचत के साथ निबंधन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ी है और अनावश्यक कागजी प्रक्रिया में भी कमी आई है।
जिला प्रशासन के अनुसार, जिलाधिकारी वर्षा सिंह द्वारा इस व्यवस्था की लगातार समीक्षा एवं अनुश्रवण किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को निबंधन प्रक्रिया में अधिक सुविधा मिल रही है। वैशाली की यह उपलब्धि जिले में डिजिटल एवं सुगम प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
#Vaishali #Hajipur #PaperlessRegistration #DigitalRegistration #BiharNews #VaishaliNews #HajipurNews #SevenNischay3 #SabkaSammanJeevanAasan #DigitalBihar #BiharGovernment #YoungIndiaNews