
रोहतासगढ़ किले को पर्यटन हब बनाने की तैयारी, सड़क-रोपवे परियोजनाओं का डीएम ने किया निरीक्षण
कैमूर की पहाड़ियों पर स्थित ऐतिहासिक रोहतासगढ़ किला अब विकास की नई उड़ान भरने की ओर अग्रसर है। रविवार को जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार, उप विकास आयुक्त विजय पाण्डेय एवं अन्य अधिकारियों के साथ रोहतासगढ़ किला, रोहितेश्वर धाम और आसपास के क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पर्यटन विकास, सड़क संपर्क, प्रस्तावित रोपवे परियोजना, चौरसन मंदिर और पहाड़ी गांवों के समग्र विकास पर विस्तार से चर्चा की गई। डीएम ने स्पष्ट कहा कि रेहल से चौरसन मंदिर तक प्रस्तावित 15.5 किलोमीटर सड़क निर्माण में आ रही सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी बाधाओं को दूर कर कार्य को हर हाल में पूरा कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि रोहतासगढ़ किला बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर है। सड़क और रोपवे जैसी सुविधाएं विकसित होने से देश-विदेश के पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और पहाड़ी क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।
भ्रमण के दौरान डीएम ने करम वृक्ष देवी मंदिर एवं बाबा भोलेनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। वहीं स्थानीय आदिवासी महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज से उनका स्वागत किया।
यदि यह योजना समय पर धरातल पर उतरती है, तो रोहतासगढ़ किला आने वाले वर्षों में बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बना सकता है।
📍 अपना रोहतास आपके लिए लाता रहेगा जिले की हर बड़ी और विश्वसनीय खबर।
#ApnaRohtas #रोहतासगढ़_किला #RohtasFort #रोहतास #Nauhatta #कैमूर #Tourism #BiharTourism #रोपवे #सड़क_निर्माण #चौरसन_मंदिर #रोहितेश्वर_धाम #DeepakKumarMishra #RohtasNews #BiharNews #HistoricalFort #Heritage #Development #RohtasDistrict #अपना_रोहतास