
शिकोहाबाद के नगला बलुआ की रहने वाली विवाहिता पूजा करीब चार माह पहले अपने पति और बच्चों को छोड़कर पड़ोसी युवक के साथ घर से चली गई थी। बाद में उसका शव गुजरात के कच्छ जिले के बरसोवा थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे एक खेत में मिला। शव की पहचान नहीं होने पर गुजरात पुलिस ने उसे करीब 27 दिन तक फ्रीजर में सुरक्षित रखा।
पूजा के पति लक्ष्मण फिरोजाबाद में चूड़ी कारखाने में मजदूरी करते हैं। इसी दौरान ट्रक चालक एक युवक का पूजा के घर आना-जाना शुरू हुआ और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। करीब चार महीने पहले पूजा अपने बच्चों को छोड़कर उसी युवक के साथ चली गई थी। पुलिस ने उसे बरामद भी किया था, लेकिन बाद में वह पति के साथ रहने के बजाय दोबारा कथित प्रेमी के साथ चली गई।
7 सितंबर 2026 को गुजरात के कच्छ क्षेत्र में पूजा का शव मिला। पहचान नहीं होने के कारण शव को फ्रीजर में रखा गया। बाद में गुजरात पुलिस को उसके पति की जानकारी मिली। पति और बच्चों के डीएनए नमूने लेकर शव से मिलान कराया गया, जिससे पहचान की पुष्टि हुई। इसके बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया और शनिवार रात स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।
अब गुजरात पुलिस पूजा की मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। 4 अक्टूबर को गुजरात पुलिस की टीम शिकोहाबाद के नगला बलुआ पहुंची और पति व अन्य परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने पूजा के साथ घर छोड़कर जाने वाले युवक की तलाश में कई स्थानों पर दबिश भी दी। पुलिस के अनुसार, हत्या में गांव के किसी व्यक्ति की भूमिका की आशंका भी जांची जा रही है।