तेजली खेल परिसर, यमुनानगर में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने किया सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ
यमुनानगर, 7 अक्टूबर- तेजली खेल परिसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति यात्रा, विकसित भारत सभा के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के माननीय कृषि एवं किसान कल्याण, मत्स्य व पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। सेवा ज्योति यात्रा को जिला के सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना करने से पूर्व मुख्यातिथि ने सेवा ज्योति दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और मुख्यातिथि ने सेवा ज्योति को प्रज्जवलित किया। कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार की नीतियों एवं योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी, जिसे कार्यक्रम में उपस्थित हजारों की संख्या में जिला के नागरिकों ने सुना। उपस्थित जनसमूह ने वंदे मातरम को सामूहिक रूप से गाया।
इसके उपरांत मुख्य अतिथि एवं माननीय कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि देश के माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार द्वारा जिस प्रकार देश को विकास एवं उन्नति की ऊंची बुलंदियों के शिखर पर ले जाने का कार्य किया गया है, वह देश के 140 करोड़ लोगों के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। वर्ष 2047 तक भारत विकसित देश बनाने के लिए हमें आगे आना होगा और यदि हम मिलकर कार्य करेंगे तो अवश्य ही हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाना तथा लोगों को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है। सेवा संकल्प अभियान समाज में सेवा, सहयोग और जनकल्याण की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
माननीय कृषि मंत्री ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से आमजन को सामाजिक एकजुटता, सेवा भाव और स्वच्छता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार के साथ-साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी आवश्यक है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार जनसेवा और सामाजिक कार्यों में योगदान देना चाहिए। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ें। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जरूरतमंद एवं पात्र लोगों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने, जनसमस्याओं के समाधान तथा सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। सेवा ज्योति यात्रा भी इसी कड़ी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
माननीय कृषि मंत्री ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के शासनकाल में हुई ऐतिहासिक उन्नति एवं बदलाव के तहत देश व प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम के तहत देश व प्रदेश में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, आत्मनिर्भर भारत, पेंटिंग प्रतियोगिता, प्रबुद्ध सम्मेलन, हेल्थ चेकअप, मैराथन इत्यादि कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और ये सभी कार्यक्रम हमें सेवा भाव राष्ट्र के प्रति समर्पित कार्यों की ओर आकर्षित करते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा को विकास के पथ पर आगे ले जाने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी आवश्यक है। सेवा और सहयोग की भावना से ही एक मजबूत, समृद्ध एवं विकसित समाज का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम समापन के बाद सेवा ज्योति यात्रा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में जिला के विभिन्न स्थानों से होकर सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हो गई। कार्यक्रम के के दौरान उपस्थित लोगों ने सेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। कार्यक्रम राष्ट्रीय गान के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार ने किया।
सेवा ज्योति कलश यात्रा कार्यक्रम भाजपा के जिलाध्यक्ष राजेश सपरा की अगुवाई में आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई दी और कहा कि इस कार्यक्रम में हजारों लोगों की संख्या से यह प्रतीत होता है कि जनता भाजपा की नीतियों एवं योजनाओं के प्रति आश्वस्त है।
कार्यक्रम में यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल, पूर्व विधायक एवं सफाई आयोग के चेयरमैन ईश्वर सिंह पलाका, बलवंत सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, जिला परिषद के चेयरमैन रमेश चंद ठसका, घुमंतू जाति आयोग के चेयरमैन ओमपाल, पूर्व मेयर मदन चौहान,भाजपा के वरिष्ठ नेता राम निवास गर्ग, रोजी मलिक आनंद, नेपाल सिंह राणा, ऋषि पाल इंजीनियर, भाजपा महामंत्री नरेन्द्र राणा, मार्किट कमेटी छछरौली के चेयरमैन कैलाश चन्द शर्मा, कृष्ण सिंगला, अशोक शर्मा सीईओ जिला परिषद ब्रह्म प्रकाश, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेन्द्र सिंह, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, नाहरपुर मंडल के भाजपा मंडलाध्यक्ष आदेश राणा, नगरपालिका साढौरा की चेयरपर्सन शालिनी शर्मा,वीरेन्द्र मुंजाल, विपिन सिंगला सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
#follower