
कैमूर में भीषण गर्मी से बेहाल कैमूर, 30 जून तक सभी स्कूल बंद DM का आदेश
कैमूर जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। समाहर्ता-सह-जिला दंडाधिकारी ने आदेश जारी कर 25 जून से 30 जून 2026 तक कैमूर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 12 तक की पढ़ाई पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
स्वास्थ्य को प्राथमिकता, पहले था सीमित आदेश
जिला प्रशासन ने पहले कक्षा 5 तक के स्कूल बंद और कक्षा 6 से 12 तक की क्लास सीमित अवधि के लिए चलाने का निर्देश दिया था। लेकिन तापमान लगातार बढ़ने और लू की स्थिति बने रहने के कारण अब सभी कक्षाओं की शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह स्थगित कर दी गई हैं।
शिक्षक आएंगे, बच्चे नहीं
आदेश के मुताबिक बंदी के दौरान सरकारी स्कूलों के शिक्षक और कर्मचारी नामांकन, प्रशासनिक काम और अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों के लिए स्कूल में उपस्थित रहेंगे। लेकिन छात्रों को स्कूल नहीं आना है। निजी स्कूलों को भी आदेश का अक्षरशः पालन करना होगा।
DM की अपील - बच्चों को धूप से बचाएं
जिला दंडाधिकारी ने सभी स्कूल प्रबंधन को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को अनावश्यक धूप और गर्मी में निकलने से रोकें। बच्चों को पर्याप्त पानी पिलाएं और लू से बचाव के उपाय अपनाएं। विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Mohania, Kaimur | Jun 24, 2026