लुधियाना में सीएम मान के काफिले पर फेंके अंडे टमाटर, भाजपा नेता रवनीत बिट्टू पर लगे आरोप, पुलिस ने हिरासत में लिया।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
नई दिल्ली। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफिले पर लुधियाना में पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू व भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा टमाटर फेंकने का आरोप लगा है। इस घटना के बाद रवनीत बिट्टू को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब कृषि विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। जब वह कार्यक्रम से बाहर निकले, तो भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने उनके काफिले पर टमाटर फेंके। रवनीत बिट्टू ने स्वयं इस घटना की जानकारी दी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने आरोप लगाया कि उन्होंने मुख्यमंत्री मान को "अंडे, शराब की बोतल और टमाटर" दिए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर पंजाब में नशे को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया। बिट्टू ने यह भी कहा कि उनके काफिले पर भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हमला किया था, जिसकी रिपोर्ट उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजी है।