
भदोही में सांड की टक्कर से सिपाही की मौत, मधुबन पहुंचा शव
भदोही में सोमवार को हुए सड़क हादसे में मऊ के मधुबन तहसील क्षेत्र के सिद्धा अहिलासपुर निवासी सिपाही राजकुमार राव (32) की मौत हो गई। राजकुमार भदोही थाने में तैनात थे। ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से अपने कमरे की ओर लौटते समय उनकी बाइक के सामने अचानक सांड आ गया। सांड से जोरदार टक्कर होने के बाद वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल सिपाही को संभाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई।
मंगलवार को गांव पहुंचा शव
राजकुमार राव का शव मंगलवार को उनके पैतृक गांव सिद्धा अहिलासपुर पहुंचा। शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित उनके घर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
पत्नी और दो साल की बेटी पर टूटा दुखों का पहाड़
राजकुमार की शादी करीब चार साल पहले मऊ के कमलसागर गांव निवासी हेमलता (27) से हुई थी। उनकी दो साल की बेटी हार्पिता है। सिपाही की असामयिक मौत से पत्नी, मासूम बेटी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे सिद्धा अहिलासपुर गांव में शोक का माहौल है।
#MauNews #Madhuban #Bhadohi #Mau #UPNews