
चमेरा डैम में ढूंढ दी पिकअप, सवार अभी भी लापता
तीसरे दिन भी सर्च ऑपरेशन जारी, डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा भी टीम संग डटे
चमेरा जलाशय में वाहन सहित समाए तौफिक की तलाश के लिए सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी सर्च ऑपरेशन जारी रहा। सोमवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान जलाशय से वाहन को बरामद कर लिया गया, लेकिन तौफिक का कोई सुराग नहीं लग पाया है। वाहन मिलने के बावजूद युवक के बारे में कोई जानकारी न मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है।
जानकारी है कि किहार के डांड का तौफिक शुक्रवार को मुर्गों की सप्लाई खरीदने के लिए पठानकोट की ओर रवाना हुआ था। बताया जा रहा है कि तौफिक के पास कारोबार से संबंधित करीब 8 से 10 लाख रुपये की नकदी भी मौजूद थी। रास्ते में चोहड़ा बांध के समीप से वह अचानक वाहन सहित लापता हो गया। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा स्वयं पुलिस टीम के साथ मौके पर डटे रहे और रेस्क्यू अभियान की निगरानी करते रहे। पुलिस, गोताखोरों तथा अन्य बचाव एजेंसियों की टीमों ने झील के विभिन्न हिस्सों में तलाशी अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद पिकअप वाहन को झील से बाहर निकाल लिया, लेकिन वाहन में तौफिक मौजूद नहीं मिला। घटना को गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने झील में गहन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक तौफिक का कोई पता नहीं चल सका है।
Chamba, Chamba | Jun 2, 2026