
रेड क्रॉस भवन, बेतिया में तीन दिवसीय योग शिविर का सफल समापन, सैकड़ों लोगों ने लिया भाग
बेतिया। जिला रेड क्रॉस सोसाइटी एवं महिला पतंजलि योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में रेड क्रॉस भवन, बेतिया में आयोजित तीन दिवसीय योग शिविर का सफलतापूर्वक समापन हो गया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि बेतिया नगर निगम की महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि योग पूरी दुनिया को भारत का अनमोल उपहार है। योग, प्राणायाम और ध्यान हमारे भीतर सकारात्मक सोच और ऊर्जा का संचार करते हैं, जो स्वस्थ जीवन का आधार हैं।
रेड क्रॉस के वाइस चेयरमैन विश्वनाथ झुनझुनवाला एवं सचिव डॉ. जगमोहन कुमार ने कहा कि योग ने रोजगार और खेल के क्षेत्र में नए अवसर पैदा किए हैं तथा यह शिक्षा और स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। युवा समाजसेवी राहुल कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हमें योग को दैनिक जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है।
प्रशिक्षक जगदेव प्रसाद, इंदु कुमारी, आलोका प्रसाद एवं सरिता कुमारी गुप्ता ने विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ, लचीला और ऊर्जावान जीवन के लिए आवश्यक बताया।
शिविर में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों, पूर्व सैनिकों, स्काउट-गाइड सदस्यों तथा रेड क्रॉस स्वयंसेवकों सहित सैकड़ों महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन पर रेड क्रॉस द्वारा प्रशिक्षकों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों ने आयोजन की सराहना करते हुए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।