
भगवान परशुराम की मूर्ति स्थापना को लेकर 6 जून को बघौली में धरना, दो मामलों में अलग रवैये पर उठे सवाल
हरदोई। बघौली थाना क्षेत्र के रामपुर में भगवान परशुराम जी की मूर्ति स्थापना को लेकर ब्राह्मण समाज ने 6 जून को शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन का आह्वान किया है। समाज के लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा मूर्ति स्थापना रोके जाने के बाद अब न्याय और समान व्यवहार की मांग को लेकर यह प्रदर्शन किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व बघौली थाना क्षेत्र के रामपुर पुलिया के निकट निजी भूमि पर भगवान परशुराम जी की मूर्ति स्थापित की जा रही थी, लेकिन प्रशासन ने हस्तक्षेप करते हुए स्थापना की प्रक्रिया रुकवा दी थी। इसके बाद मूर्ति स्थापना नहीं हो सकी।
इधर बेनीगंज थाना क्षेत्र के महुआकोला गांव में भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापना को लेकर भी विवाद और हिंसा की घटनाएं सामने आई थीं। उस समय प्रशासन ने प्रतिमा स्थापना पर रोक लगा दी थी। बाद में स्थानीय विधायक रामपाल वर्मा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और उनकी मौजूदगी में भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित कराई गई।
इसी को लेकर अब ब्राह्मण समाज के लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। उनका कहना है कि जब एक मामले में प्रशासनिक रोक के बावजूद जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रतिमा स्थापना कराई जा सकती है, तो रामपुर में भगवान परशुराम जी की प्रतिमा स्थापना को अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है। समाज के लोगों ने दोनों मामलों में एक समान नीति अपनाने की मांग की है।
ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि 6 जून को रामपुर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल होकर भगवान परशुराम जी की प्रतिमा स्थापना की मांग उठाएंगे। प्रदर्शन को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है, जबकि प्रशासन की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।