
पंचकूला में धान खरीद व्यवस्था सुचारू, किसानों ने जताया संतोष
चेयरमैन अधिवक्ता राम किशन शर्मा ने बरवाला व रायपुर रानी अनाज मंडियों का किया दौरा
पंचकूला, 1 अक्टूबर: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रदेश में धान की खरीद शुरू हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मंडियों में धान की खरीद सुचारू रूप से सुनिश्चित करने तथा किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के चेयरमैन अधिवक्ता राम किशन शर्मा ने अधिकारियों के साथ पंचकूला जिले की बरवाला और रायपुर रानी अनाज मंडियों का दौरा किया।
दौरे के दौरान उन्होंने मार्केट कमेटी के सचिव एवं अध्यक्ष के साथ मंडियों में खरीद व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर मौजूद किसानों से सीधे बातचीत की। किसानों ने बताया कि सरकार द्वारा उनके धान की खरीद सुचारू रूप से की जा रही है तथा उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। किसानों और व्यापारियों ने मंडियों में व्यवस्थाओं को लेकर संतोष व्यक्त किया।
अधिवक्ता राम किशन शर्मा ने कहा कि हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन द्वारा किसानों की धान की फसल की खरीद में प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। किसानों को मंडियों में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीद प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की फसल की समय पर और सुचारू खरीद सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।