
बरोठा में धूमधाम से निकली बाबा भोलेनाथ की शाही सवारी, हरि-हर मिलन ने मोहा मन
बरोठा। भादवा के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर बरोठा नगर में बाबा भोलेनाथ की भव्य शाही सवारी निकाली गई। सोमेश्वर महादेव मंदिर से विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई सवारी ने नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान भोलेनाथ का स्वागत किया।
सवारी के दौरान पूरा नगर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं द्वारा जल एवं केले के प्रसाद का वितरण भी किया गया।
शाही सवारी चंपा चौक स्थित श्री गोवर्धन नाथ मंदिर पहुंची, जहां परंपरा अनुसार भगवान विष्णु (हरि) और भगवान शिव (हर) का हरि-हर मिलन कराया गया। इस विशेष धार्मिक परंपरा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े और भाव-विभोर हो उठे।
हरि-हर मिलन के बाद सवारी पुनः नगर भ्रमण करते हुए सोमेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां महाआरती के साथ आयोजन का समापन हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसाद के रूप में खिचड़ी वितरित की गई।
शाही सवारी में मंदिर समिति के सदस्यों, पुजारीगण, नगरवासियों सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।