
1962 पशु एम्बुलेंस टीम ने लम्पी से पीड़ित गाय का किया उपचार, पशुपालकों को किया जागरूक
सिकन्दरपुर तहसील क्षेत्र के हरनाटार गांव निवासी पशुपालक गिरीश नारायण राय की लम्पी स्किन डिजीज से पीड़ित गाय का 1962 पशु एम्बुलेंस सेवा की टीम ने मौके पर पहुंचकर उपचार किया। गाय पिछले तीन दिनों से बीमार थी। स्थानीय स्तर पर उपचार के बाद भी सुधार नहीं होने पर पशुपालक ने 1962 सेवा से संपर्क किया। सूचना मिलते ही पशु चिकित्सक डॉ. अभय सिंह के नेतृत्व में सहायक आशुतोष और राजकुमार की टीम गांव पहुंची और गाय का परीक्षण कर आवश्यक उपचार किया। इस दौरान डॉ. अभय सिंह ने पशुपालक को बीमारी के लक्षण, बचाव और देखभाल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लम्पी बीमारी में पशुओं के शरीर पर गांठें पड़ना, बुखार आना, भूख कम लगना और कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। ऐसे लक्षण मिलने पर पशुपालक तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करें और बीमार पशु को स्वस्थ पशुओं से अलग रखें। उन्होंने खुरपका-मुंहपका, गलाघोंटू और लंगड़ा बुखार जैसी संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण कराने तथा पशुशाला में साफ-सफाई रखने की अपील की। उन्होंने पशुपालकों से जरूरत पड़ने पर 1962 पशु एम्बुलेंस सेवा का लाभ उठाने का आह्वान किया।
#1962पशुएम्बुलेंस #लम्पीस्किनडिजीज #पशुचिकित्सा #पशुपालन #पशुस्वास्थ्य #टीकाकरण #पशुपालकजागरूकता #सिकन्दरपुर #बलिया #बलिया24न्यूज़