
मोतिहारी में भैंस नहलाने के दौरान गिरे पानी के छींटे पर खूनी संघर्ष, चाकूबाजी में दो लोगों की मौत; तीन गिरफ्तार
मोतिहारी: पूर्वी चंपारण के पताही थाना क्षेत्र स्थित जिहुली गांव में भैंस नहलाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद दोहरे हत्याकांड में तब्दील हो गया। सड़क पर पानी गिरने और छींटे पड़ने की बात पर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो गाली-गलौज और हाथापाई से होते हुए शाम ढलते-ढलते जानलेवा चाकूबाजी तक पहुंच गई। इस हिंसक झड़प में गंभीर रूप से घायल दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने रात में ही घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल तीन नामजद आरोपियों को रात में ही दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जिहुली गांव निवासी संजय सिंह, नागनारायण सिंह और लक्ष्मीनारायण सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पानी बहाने के मामूली विवाद में दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी, जिसमें दो लोगों की जान चली गई। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में तथा सामान्य है। पुलिस इस मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Bihar, India | Sep 10, 2026