
देशभक्ति और संस्कृति का अनूठा संगम, देशभक्ति नृत्य व झूलों से विद्यार्थियों ने बढ़ाई शान
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
राज इंटरनेशनल स्कूल में देशभक्ति और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। जब देशभक्ति का रंग तीज की हरियाली से मिले तो नजारा अपने आप खास हो जाता है। राज इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज एक साथ बड़े उत्साह से मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय निदेशक राजेंद्र सैनी ने तिरंगा फहराकर किया। राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। इसके बाद बच्चों ने देशभक्ति नृत्य, कविता और भाषण प्रस्तुत कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर क्लब के विद्यार्थियों ने भाषण के माध्यम से शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की इसके साथ- साथ प्रतिज्ञा, नैंसी के नृत्य व मानवी भारद्वाज के गायन ने सभी का दिल मोह लिया। 15 अगस्त के साथ तीज होने के कारण माहौल में देशभक्ति के साथ-साथ लोक संस्कृति की खुशबू भी थी। स्कूल के मैदान में रंग-बिरंगे झूले लगाए गए। छात्राओं ने हरे परिधान पहनकर तीज के पारंपरिक गीत गाए और झूला झूला। जश्न को यादगार बनाने के लिए पतंगबाजी और मेहंदी प्रतियोगिता रखी गई। आसमान में तिरंगे वाली पतंगें लहराईं, तो वहीं बच्चियों के हाथों पर मेहंदी से जय हिंद और मोर की आकृतियां सजीं।
स्कूल निदेशक हेमंत सैनी ने कहा कि आजादी हमें बोलने की आजादी देती है और तीज हमें अपनी संस्कृति जीने की। बच्चों को दोनों का महत्व समझाना ही असली शिक्षा है। उन्होंने यह भी कहा कि पतंग उड़ाना सिर्फ खेल नहीं है। यह हमें ऊंचा उड़ने और आजाद सोच रखने की प्रेरणा देता है। शिक्षक अभिषेक व स्कूल के डीन विजय सिंह ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी और बच्चों को देशभक्ति के प्रति जागरुक किया। इस मौके पर जितेंदर सैनी, हेमंत सैनी, जयश्री सैनी, अन्नू सैनी एवं सभी स्टाफ मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी को मिठाई और तिरंगे बैंड वितरित किए गए।
Rewari, Rewari | Aug 17, 2026